बिहार का मौसम काफी तेजी से बदल रहा, गया सबसे ठंडा शहर

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

बिहार का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य के आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं।

इस तरह की स्थिति शनिवार को भी बनी रहने के आसार हैं। राजधानी का मौसम आजकल दिन में सामान्य रह रहा है, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जा रही है। रात नौ बजे तक तापमान काफी गिर जा रहा है।

रात में बाहर रहने पर लोग ठंड का अनुभव कर रहे हैं। इधर, ठंड बढ़ने के साथ ही राज्‍य के प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है। शनिवार की सुबह छह बजे पटना में वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 300 तक पहुंच गया था।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि शनिवार के बाद प्रदेश का आकाश साफ होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव का क्रम आगे भी जारी रहेगा।

शुक्रवार को गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

प्रदेश के अन्य भागों का न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। राज्य में अधिकतम तापमान औसतन 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शनिवार को सुबह छह बजे पटना के राजबंशीनगर में एक्‍यूआइ 300, समनपुरा में 313, मुरादपुर में 286, शिकारपुर में 152, खगौल स्‍टेशन के पास 307, गया में 197, दरभंगा में 314, मुजफ्फरपुर में 356 रिकार्ड किया गया।

इस तरह से पटना से भी अधिक वायु प्रदूषण दरभंगा और मुजफ्फरपुर में देखने को मिल रहा है।

Note :- ये आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट से लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *