बिहारी डीएनए पर सवाल उठाकर कांग्रेस पूरी तरह अकेले पड़ती दिख रही, तेजस्‍वी यादव ने इस बारे में बड़ा बयान आया सामने

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK) 

कांग्रेस के बड़े नेताओं के बिहार के लोगों के बारे में लगातार आपत्ति‍जनक बयानों से राज्‍य में इस पार्टी के नेताओं की दुविधा बढ़ गई है।

तेलंगाना के कांग्रेस अध्‍यक्ष ए रेवंत रेड्डी द्वारा बिहारी डीएनए की आलोचना किए जाने पर राज्‍य में माहौल गर्म है।

इस बीच बिहार में लंबे समय तक कांग्रेस का सहयोगी रहे राजद के बड़े नेता तेजस्‍वी यादव ने कहा कि ऐसा बयान तो अज्ञानी ही दे सकता है। उन्‍होंने कहा कि बिहार की धरती सम्राट अशोक और भगवान महावीर जैसे महापुरुषों की धरती है।

भाजपा और जदयू के नेताओं ने भी कांग्रेस नेता के बयान की तीखी आलोचना की है, लेकिन बिहार में कांग्रेस के नेता रेड्डी के बयान का समर्थन कर रहे हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी ने कहा था कि वे बिहार के भैयों को अपने राज्‍य में घुसने नहीं देंगे।

बिहार सरकार के जल संसाधन व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने मंगलवार को कहा कि तेलंगाना के कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी ने बिहारी डीएनए के संबंध में जो बयान दिया है वह उनकी ओछी मानसिकता का परिचायक है। बिहार मूल के सुयोग्य अधिकारियों की तैनाती को लेकर रेड्डी ने टिप्पणी की है।

संजय ने कहा कि रेड्डी के बयान की वह कड़ी निंदा करते हैं। यह एक ऐसे क्षेत्र विशेष के प्रति कांग्रेस नेता की नफरत और घृणा को दर्शाता है जिसने नौकरशाही और राष्ट्र निर्माण में व्यापक योगदान किया है।

रेड्डी यह भूल जाते हैं कि बिहारी डीएनए ने भगवान बुद्ध, गुरुगोविंद सिंह, सम्राट अशोक और चंद्रगुप्त मौर्य जैसे युग पुरुषों को जन्म दिया है। बिहार लोकतंत्र की भी जननी है। यह बिहारी डीएनए ही है जिसने डा. राजेंद्र प्रसाद के रूप में देश को पहला राष्ट्रपति दिया।

महात्मा गांधी को बिहार के प्रति अटूट आस्था थी तभी उन्होंने अपने सत्याग्रह के लिए बिहार को ही चुना। संजय ने कहा कि यह बिहारी डीएनए ही है जिसने नालंदा विश्वविद्यालय के रूप में भारत को पहला वैश्विक ज्ञान का केंद्र दिया।

यह आर्यभट्ट और वशिष्ठ नारायण सिंह का बिहारी डीएनए ही है जिसने गणित और विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बिहारी डीएनए ने भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में गर्व के साथ अतुलनीय योगदान दिया है और देता रहेगा।

बिहार में भाजपा के प्रवक्‍ता प्रेम रंजन पटेल ने कांग्रेस को बिहार के मसले पर जोरदार तरीके से घेरा। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से देश को तोड़कर राज करती रही है, लेकिन बिहार और देश के लोग अब इस पार्टी की सच्‍चाई समझ चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि अपनी गलत नीतियों के कारण ही कांग्रेस की दशा आज इतनी खराब हो चुकी है।

वहीं पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने कहा कि भाजपा-जदयू अपने राजनीतिक लाभ के लिए रेड्डी के बयान को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। रेड्डी ने बिहार के लोगों की मेहनत और बुद्धिमानी की सराहना की है।

इस बयान को गलत तरीके से नहीं लिया जाना चाहिए। वहीं प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी ने कहा कि बिहार का डीएनए है ही मेहनत और बुद्धिमानी का। तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ने बिहार के लोगों की सराहना की है बुराई नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *