PATNA (BIHAR NEWS NETWORK- DESK)
खगौल। महिला कालेज में बुधवार को ‘सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंग-बिरंगे परिधानों से सजी छात्राओं ने सावन नृत्य की प्रस्तुति कर जम कर धमाल मचाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या डॉ कुमारी चित्रा गुप्ता ने सावन महीने की विशेषताओं की चर्चा की। कहा कि सावन मास प्रकृति को समृद्ध बनाता है। वाह्य प्रकृति एवं पर्यावरण इस माह जितने संतुलित एवं समृद्ध होते हैं, उतने अन्य महीनों में कभी नहीं हो पाते।
मानव की अन्तःप्रकृति की समृद्धि एवं श्रृंगार के लिए भी इस महीने का महत्त्व कुछ ज्यादा है। इसकी धार्मिक मान्यतायें भी इस माह को विशेष बनाते हैं। इस समारोह में छात्राओं के द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शिक्षकों एवं छात्राओं के द्वारा कजरी गान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सावन मिलन समारोह में महिला कॉलेज की प्राचार्या डॉ कुमारी चित्रा गुप्ता के द्वारा सुंदर कजरी गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं में संस्कारिनी, सृष्टि, प्रीति, नेहा रानी, सुहानी आदि ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अंत में उत्सव की संचालिका कृतिका शर्मा ने सभी को सावन की बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ ईरा यादव,डॉ बुलबुली कानू, डॉ अरुण कुमार, डॉ उदय राज उदय, आराधना, डॉ सुमन, डॉ रीता एवं शिक्षकेतर कर्मी सुनील कुमार सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे।