राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू यादव एक बार फिर मुश्किलों में फंसते दिख रहे, चारा घोटाले के एक बड़े मामले में फैसला जल्द

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK) 

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का रांची से पीछा नहीं छूट रहा है। करीब 1 साल के अंतर के बाद लालू फिर से रांची पहुंच गए हैं। लालू का रांची से रिश्ता परेशानियों भरा है।

रांची की अदालत में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ चारा घोटाला के कई मामले हैं। कुछ में उन्हें सजा भी हो चुकी है।

इन्हीं में से एक मामले में खराब स्वास्थ्य के आधार पर जमानत मिलने के बाद वह फिलहाल जेल से बाहर हैं। रविवार की शाम तक लालू फिर से रांची पहुंच जाएंगे।

लालू यादव के सामने इस बार बड़ा संकट है। बड़ा संकट इसलिए कि सोमवार को चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में सजा सुनाई जानी है, जिसमें लालू मुख्य अभियुक्त हैं। कोर्ट की ओर से सुनाई गई सजा तय करेगी कि लालू को फिर से जमानत मिल जाएगी या उन्हें जेल जाना पड़ेगा।

इस मामले में फिलहाल लालू की रिहाई की उम्मीद बहुत कम है। इसलिए माना यह जा रहा है कि कोर्ट उन्हें सजा सुनाएगी।

यह सजा कितने महीनों या वर्षों की होती है, यह महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि जमानत का आवेदन इसी आधार पर स्वीकृत या खारिज होगा।

आपको बता दें कि पिछले साल जनवरी महीने में लालू की खराब तबीयत को देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स इलाज के लिए रेफर किया गया था।

तब रांची से लालू दिल्ली गए थे। इसके कुछ दिनों के बाद खराब स्वास्थ्य के आधार पर कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। लालू का स्वास्थ्य अभी भी बहुत अच्छा नहीं है।

हालांकि जब वे जेल में थे, तब के मुकाबले बहुत अधिक सुधार हुआ है। अब उनके चेहरे पर हंसी और रौनक फिर से देखने को मिलती है। उनके परिवार और समर्थकों में इस बात की चिंता है कि सोमवार को रांची की कोर्ट में क्या फैसला सुनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *