बिहार के राजगीर की रहस्यमय एवं ऐतिहासिक गुफा ‘सोन भंडार’ की कहानी, गुफा में जाने का रास्ता

BIHAR NEWS NETWORK- DESK

श्रेया की रिपोर्ट

भारत में ऐसे कई टूरिस्ट स्पॉट्स है, जहां राजा-महाराजाओं का खजाना छिपे होने की बातें होती हैं। ऐसी ही एक कहानी ‘सोन भंडार गुफा’ के बारे में भी प्रचलित है। लगभग हर बच्चा अपने बचपन में इस शब्द को गुनगुनाता था वो शब्द था खुल जा सिम सिम। ये जादुई शब्द थे जिसने अली बाबा को चालीस चोरों की गुफा में पहुँचाया था। उस गुफा के अंदर, अली बाबा ने काफी खजाना पाया था जो की वर्षों से वहां मौजूद थे।

देश में कई ऐसी गुफाएं हैं जिनमें लाखों-करोड़ों टन सोना छिपा हुआ है। बौद्धकाल में सोने का संरक्षण किया गया था। बौद्धकाल में बौद्ध और हिन्दू राजाओं ने सोने को छिपाने का कार्य शुरू किया था, क्योंकि इस काल में समाज में ज्यादा वैमनस्य और झगड़ा बढ़ गया था। राजाओं में प्रतिद्वंद्विता भी बढ़ गई थी। ऐसे में कीमती वस्तुओं का मूल्य बढ़ गया और सभी अपने-अपने खजाने को छिपाने में लग गए।

बिहार में एक ऐसी गुफा है जिसमें लाखों टन सोना और अन्य खजाने छिपे होने की संभावना व्यक्त की जाती है। यह ‘सोन भंडार गुफा’ बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में आती है। प्राचीन में मगध साम्राज्य की राजधानी रहा बिहार का राजगीर शहर एक ऐतिहासिक शहर है। यहीं पर बुद्ध ने मगध के सम्राट बिम्बिसार को धर्मोपदेश दिया था।

मौर्य शासक बिंबिसार ने अपने शासन काल में राजगीर में एक बड़े पहाड़ को काटकर अपने खजाने को छुपाने के लिए गुफा बनाई थी। जिस कारण इस गुफा का नाम पड़ा था सोन भंडार। इस गुफा के बारे में कहा जाता है कि सोने को सहेजने के लिए इस गुफा को बनवाया गया था। पूरी चट्टान को काटकर यहां पर दो बड़े कमरे बनवाए गए थे।

इस गुफा में दो कक्ष बने हुए हैं। ये दोनों कक्ष पत्‍थर की एक चट्टान से बंद हैं। कक्ष सं. 1 माना जाता है कि सुरक्षाकर्मियों का कमरा था जबकि दूसरे कक्ष के बारे में मान्‍यता है कि इसमें सम्राट बिम्बिसार का खजाना था। कहा जाता है कि अभी भी बिम्बिसार का खजाना इसी कक्ष में बंद है।

अंग्रेजों ने इस गुफा को तोप के गोले से उड़ाने की कोशिश की थी, लेकिन वे इसमें नाकामयाब रहे थे। आज भी इस गुफा पर उस गोले के निशान देखे जा सकते हैं। अंग्रेजों ने इस गुफा में छुपे खजाने को पाने के लिए यह कोशिश की थी, लेकिन नाकाम होने पर वे वापस लौट गए। मौर्य शासक के समय बनी इस गुफा की एक चट्टान पर शंख लिपि में कुछ लिखा है। इसके संबंध में यह मान्यता प्रचलित है कि इसी शंख लिपि में इस खजाने के कमरे को खोलने का राज लिखा है।

अगर इस गुफा में छिपे खजानों की तलाश की जाए तो देश की आर्थिक स्थिति में न सिर्फ सुधार होगा, बल्कि भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के रूप में भी उभरकर सामने आ जाएगा। इसी तरह देश में ऐसे कई मंदिर और गुफाएं हैं जिनमें सोना छिपे होने की संभावना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *