टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार खेल जारी, जापान को दी 5-3 से मात

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK-DESK)

टोक्यो ओलिंपिक 2020 में भारत के लिए शुक्रवार 30 जुलाई का दिन भी अच्छा साबित हुआ। बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन ने देश के लिए दूसरा मेडल पक्का किया, तो बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। इन सबके साथ भारत के लिए हॉकी टर्फ से भी अच्छी खबर आई, जहां पहले महिला टीम ने आयरलैंड को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज करने के साथ ही उम्मीदों को जिंदा रखा।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार खेल जारी है। भारत ने जापान को 5-3 से हराया है। भारत की ओर से गुरजंत सिंह ने दो गोल किए जबकि हरमनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह और नीलकांत शर्मा ने एक-एक गोल किए।

जापान की तरफ से केंटा तनाका, कोटा वातानाबे और काजुमा मुराता ने एक-एक गोल किए। भारत की तरफ से हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में 13वें मिनट में गोल कर टीम को शुरूआत की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में गुरजंत ने 17वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

शुरुआती 2 क्वार्टर में जबरदस्त मुकाबला देखने के बाद तीसरे क्वार्टर में भी टक्कर बरकरार रही और इस बार भी गोल पर अटैक हुए। तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट (31वें मिनट) में जापान ने स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया।

लेकिन ये बराबरी ज्यादा देर नहीं टिक पाई और भारतीय धुरंधरों ने 34वें मिनट में ही शमशेर के गोल की मदद से वापस बढत हासिल कर दी। तीसरा क्वार्टर 3-2 से खत्म हुआ और बात आखिरी 15 मिनट में आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *