नालंदा जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में जदयू समर्थित पिंकी कुमारी को अध्यक्ष चुन लिया गया

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

नालंदा जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में जदयू समर्थित पिंकी कुमारी को अध्यक्ष चुन लिया गया। इन्होंने सीधे मुकाबले में कृति कुमारी को 18 मतों से पराजित किया। वहीं, उपाध्यक्ष के पद पर राजद समर्थित अनुराधा कुमारी यादव की जीत हुई।

इन्होंने थरथरी के जिला पार्षद अमित कुमार राज उर्फ तरुण यादव को 13 मतों के अंतर से हराया। अध्यक्ष की सीट महिला (सामान्य) सुरक्षित है, जबकि उपाध्यक्ष की सीट अनारक्षित है। 34 सदस्यीय नालंदा जिला परिषद में अध्यक्ष पद के लिए पिंकी कुमारी को 25 मत मिले।

प्रतिद्वंद्वी रहुई पूर्वी क्षेत्र से निर्वाचित कृति कुमारी को महज सात मत प्राप्त हुए। दो मत अवैध घोषित कर दिए गए। कृति कुमारी के पति विनोद कुमार जदयू से जुड़े हैं।

पिंकी चंडी प्रखंड पश्चिमी क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीत कर अध्यक्ष बनी हैं। वे इस पद पर आसीन होने वाली चंडी प्रखंंड की तीसरी महिला और चौथी अध्यक्ष हैं। इससे पहले भी चंडी से तीन जिला पार्षद अध्यक्ष रह चुके हैं।

बीटेक डिग्रीधारी अनुराधा कुमारी भी इस्लाम पुर प्रखण्ड (दक्षिणी क्षेत्र) से पहली बार निर्वाचित हुई हैं। अनुराधा कुमारी को 23 मत मिले। अमित कुमार राज को 10 मत प्राप्त हुआ। एक मत अवैध पाया गया। अनुराधा के पति रंजीत यादव राजनीति में हैं।

जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवीन कुमार पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक तय समय से शुरू हुई। नियमानुसार पूरी चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई।

सभी सदस्यों सहित जिप अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता तथा शराब निषेध की शपथ दिलाई गई। बताया कि चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर पटना के अपर समाहर्ता राजीव श्रीवास्तव मौजूद थे। चुनाव के लिए पूर्वाह्न 11 बजे से समाहरणालय स्थित शहीद हरदेव भवन में बैठक की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के सीट पर काबिज होने के लिए कम से कम 18 सदस्यों के समर्थन की जरूरत थी। सभी 34 सदस्यों ने चुनाव में हिस्सा लिया। इनमें 29 सदस्य पहली बार जीत कर आए हैं।

पिंकी और अनुराधा के पक्ष में चुनावी गणित बैठाने में जिले की महत्वपूर्ण राजनीतिक हस्तियाें ने रात-दिन एक कर रखा था। राजगीर में ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री के स्‍वागत भोज से ही तस्‍वीर साफ हो चुकी थीं। पिंकी कुमारी के पति मंत्री श्रवण कुमार के रिश्‍तेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *