छठे चरण में तीन नवंबर को संपन्न हुए 37 जिलों के 57 प्रखंडों के मतों की गिनती जारी

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

बिहार में पंचायत चुनाव के छठे चरण की मतगणना जारी है। इसके लिए नतीजे अब आने लगे हैं। सहरसा की लगमा पश्चिमी पंचायत से प्रिया सिंह ने मुखिया का चुनाव जीता है। यह राज्‍य में आया पहला रिजल्‍ट है।

मतगणना की प्रक्रिया बिहार के 37 जिलों में चल रही है। हर जिले में प्रखंडवार मतगणना की व्‍यवस्‍था की गई है, जो रविवार तक चल सकती है। छठे चरण के लिए तीन नवंबर को 37 जिलों के 57 प्रखंडों में मतदान हुआ था।

आज मतगणना के साथ ही 848 पंचायतों की जनता और प्रत्याशियों को 10 दिनों की प्रतीक्षा व बेकरारी का पटाक्षेप हो जाएगा।

दरअसल, दीपावली और छठ के कारण इस चरण की मतगणना 10 दिन बाद यानी 13 और 14 नवंबर को होगी। इस बार राज्य में 11 चरणों में चुनाव हो रहे हैं। छह चरणों के इलेक्शन हो चुके हैं। अभी पांच और चरणों का चुनाव होना है।

छठे चरण में 26 हजार दो सौ पदों के लिए मतदान हुआ था। इसमें पंचायत सदस्य के 11,592, मुखिया के 848, पंचायत समिति सदस्य के 1,186, जिला परिषद सदस्य के 134, पंच के 11,592 और सरपंच के 848 सीटों के लिए चुनाव शामिल हैं।

इस चरण में चुनाव लड़ने वालों की कुल संख्या 94,188 है। इसमें 43,840 पुरुष और 50,348 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। मतगणना के रिजल्‍ट आने शुरू हो गए हैं।

भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड के छोटी सासाराम पंचायत से बीरेन्द्र कुमार साह मुखिया पद का चुनाव जीत गए हैं।

औरंगाबाद से भी परिणाम आने शुरू हो चुका है। जिले के गोह प्रखंड के हथियारा पंचायत से सत्येन्द्र यादव मुखिया पद का चुनाव जीत गए हैं। सत्येन्द्र यादव को 1031 मत मिले हैं।

– पटना के पुनपुन की बेहरावां पंचायत से निवर्तमान मुखिया जयप्रकाश पासवान को हरा कर रवि कुमार जीते। जमुई के चकाई की पराची पंचायत से इलायची देवी तथा रामचंद्रडीह पंचायत से बुधो रजक मुखिया निर्वाचित।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *