बोधगया में सादगी से मनी भगवान बुद्ध की जयंती, गूंजता रहा, बुद्धंं शरणम गच्‍छामि‍

BODH GAYA (BIHAR NEWS NETWORK- डेस्क)|

श्रेया की रिपोर्ट

भगवान बुद्ध की ज्ञान स्थली बोधगया में बुधवार को दूसरी बार शांत और सादगीपूर्ण माहौल में भगवान बुद्ध की 2565वीं जयंती मनाई गई। कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन का पालन करते हुए बीटीएमसी के बौद्ध भिक्षुओं ने सादगी से विशेष प्रार्थना की और भगवान बुद्ध को खीर अर्पित किया।

मंदिर के गर्भगृह और पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे विशेष प्रार्थनाकी गई। विशेष प्रार्थना के माध्यम बौद्ध भिक्षुओं (Buddhist Monk) ने पूरे विश्‍‍‍व के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

महाबोधि मंदिर के वरीय भिक्षु डॉ मनोज ने बताया की भगवान बुद्ध के पवित्र वचनों से सकारात्मक वातावरण बने, कोरोना वायरस से मुक्ति मिले, लोग निरोग रहें, दुनियां के सभी जीवों का कल्याण हो, इसी मंगल कामना के साथ प्रार्थना की गई।

इस पर्व पर दुनियाभर से बौद्ध धर्म के अनुनायी बोधगया आते थे और भगवान बुद्ध को नमन करते थे। लेकिन इस साल भी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण लॉकडाउन है। इस कारण सार्वजनिक रूप से इस बार बुद्ध जयंती नहीं मनाई गई। बौद्ध मठों में भी बौद्ध भिक्षुओं ने सादगी से जयंती मनायी।

बौद्ध धर्म में बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। आज के ही दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था, इसी दिन उन्हें बोधगया में ज्ञान की प्राप्ति हुई और आज ही के दिन उनका महापरिनिर्वाण भी हुआ था। बुद्ध पूर्णिमा पर महाबोधि (महाविहार) मंदिर की ओर से अपील की गई कि कोरोना वायरस से खुद को बचाने के लिए हम सभी को सुरक्षित घर के अंदर रहना है। सभी सुरक्षित रहें और अपने परिवार के साथ घर के अंदर रहें।

इस पूजा में महाबोधि मंदिर के मुख्य पुजारी भिक्षु चलिन्दा, भिक्षु डॉ दिनानंद, बीटीएमसी सदस्य डॉ अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *