बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार आज गोपालगंज में, समाज सुधार अभियान कार्यक्रम को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार आज गोपालगंज पहुंच गए हैं। समाज सुधार अभियान कार्यक्रम के तहत सारण प्रमंडल के लिए गोपालगंज में जीविका दीदियों से संवाद किया।

उन्‍होंने शराबबंदी के फैसले को सही ठहराया। कहा कि कुछ लोगों ने उनसे दूसरे राज्‍यों से आने वाले लोगों को शराब पीने की छूट देने की मांग की।

बाहर से लोग क्‍या शराब पीने के लिए बिहार आएंगे। ऐसा नहीं हो सकता है। शराब खराब चीज है। कुछ लोग गड़बड़ी की कोशिश करते हैं, लेकिन इससे फैसला नहीं बदला जाएगा।

इससे महिलाओं और बच्‍च‍ियों का जीवन बेहतर हो रहा है। इस आयोजन का प्रमुख विषय नशामुक्‍त‍ि, शराबबंदी, दहेज प्रथा और बाल विवाह है।

आपको बता दें कि गोपालगंज जिले में ही पिछले दिनों जहरीली शराब पीने से एक के बाद एक कई लोगों की मौत हुई थी।

मुख्‍यमंत्री गोपालगंज में ही सारण प्रमंडल के तीन जिलों गोपालगंज, सिवान और सारण (छपरा) के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम सुबह 11 बजे गोपालगंज पहुंच चुके हैं।

वे हेलीकाप्‍टर से गोपालगंज आए। जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी तथा एसपी आनंद कुमार लगातार सभी तैयारियों की मानिटरिंग कर रहे हैं। गोपालगंज कलेक्‍ट्रेट के सभाकक्ष में मुख्‍यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

गोपालगंज पहुंचने पर मुख्‍यमंत्री का भाजपा के विधान पार्षद और राज्‍य के खान एवं भूतत्‍व मंत्री जनक राम, भाजपा विधायक और प्रभारी मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, जदयू विधायक और उत्‍पाद एवं मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार के अलावा डीएम और एसपी ने स्‍वागत किया।

यहां पहुंचने के बाद मुख्‍यमंत्री ने सबसे पहले शहर के मिंज स्टेडियम में बनी फोटो गैलरी को देखा। इसके बाद वे कार्यक्रम के मंच पर पहुंचे।

मंच पर एक-एक कर कई जीविका दीदियों ने सरकार के समाज सुधार अभियान के सफलता की कहानियां सुनाईं। जीविका दीदियों ने शराबबंदी के बाद हुए बदलाव के अनुभव साझा किए। साथ ही, बाल विवाह और दहेज प्रथा की बुराइयां बताईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *