बिहार के जिलों की यात्रा पर निकले उपेंद्र कुशवाहा लगातार दिखा रहे अपनी ताकत, नालंदा में किया गया उनका बड़े जोरदार ढंग से स्‍वागत

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

जदयू में वापसी के बाद उपेंद्र कुशवाहा लगातार ही अपनी ताकत बढ़ाने में लगे हैं। बिहार के सभी जिलों का दौरा कर रहे उपेंद्र कुशवाहा शनिवार को नालंदा पहुंचे तो उनका जोरदार स्‍वागत हुआ। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय इस्‍पात मंत्री आरसीपी सिंह के इलाके में उन्‍हें सोने का मुकूट पहनाया गया तो सिक्‍कों से तोला भी गया।

अपना ऐसा स्‍वागत देखकर कुशवाहा गदगद हो गए। उनका ऐसा भव्‍य स्‍वागत बिहारशरीफ के आशा नगर मोहल्ले में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस दौरान उनके पुराने विश्वस्त रहे सोनू कुशवाहा ने जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से सोने का मुकुट बनाया पहनाया। फिर उपेंद्र कुशवाहा को आशा नगर के बाशिंदों ने तराजू पर सिक्कों से तौला।

इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं से मिला मान-सम्मान उन्हें हमेशा याद रहेगा। इस दौरान उपेंद्र कुशवाहा के साथ सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील, चंद्रसेन प्रसाद, पूर्व एमएलसी राजू यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सोनू कुशवाहा भी मौजूद थे।

जदयू संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद उपेंद्र कुशवाहा शनिवार को पहली बार नालंदा पहुंचे थे। यहां उनका कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बिहार संवाद यात्रा के तहत वे नूरसराय के अंधना मोड़ पहुंचे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास हो रहा है। कार्यकर्ता पार्टी के मेरुदंड होते है। आज जरूरत है, सूबे में हो रहे विकास कार्यों के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताने की। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सूबे का कोई ऐसा घर नही है, जहां तक सरकार की कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं पहुंच रहा है।

हर कोई लाभान्वित हो रहा है। पूर्व विधायक ई.सुनील ने कहा कि अब सूबे के हर गांव की गलियां सोलर लाइट से रौशन होंगी। मौके पर नरेंद्र कुमार निराला, बबलू कुमार, गब्बर सिंह, सोनू कुशवाहा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *