ज्ञान भवन में देव दुर्लभ श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव- 2024 का भव्य आयोजन

पटना : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा स्थानीय ज्ञान भवन में देव दुर्लभ श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव- 2024 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ वैदिक स्तुति से किया गया। जिसमें दिव्य ज्योति वेद मंदिर द्वारा प्रशिक्षित ब्रह्मज्ञानी वेदपाठियों द्वारा शुक्ल- यजुर्वेदीय रुद्राष्टाध्यायों का वाचन किया गया।

इस पवित्र मन्त्र स्तुति के उपरांत गुरुपूजा कार्यक्रम का विधिवत शुरुआत किया गया। इसके बाद दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के श्री चरणों में भजन स्तुति अर्पित की गई। वाद्य यंत्रों की धुन एवं सरस भजनों के माध्यम से सम्पूर्ण आभा दिव्यता के आलोक से व्याप्त हो गई। तदोपरांत दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य एवं दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के राष्ट्रिय सचिव स्वामी श्री नरेंद्रानंद जी द्वारा आध्यात्मिक व्याख्यान दिया गया जिसमें गुरुभक्ति, गुरु – शिष्य का पवित्र संबंध व आध्यात्मिक उन्नति के सूत्र सम्प्रेषित किये गए।

गुरु पूजा मनाने आए हजारों श्रद्धालु भक्ति रस में रमते नजर आए। साधना – ध्यान सत्र में सभी ने सामूहिक ध्यान कर आत्मिक जाग्रति के मार्ग को प्रशस्त किया। साधना – ध्यान स्तुति के उपरान्त सभी साधक – शिष्य अपने श्री गुरु के चरणों में भाव -अश्रु अर्पित करते हुए श्रद्धा सुमन पूरित भावों से दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के पावन आरती में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का सम्पूर्ण संचालन स्वामी यादवेन्द्रानन्द जी (संयोजक, बिहार शाखा) द्वारा सुचारू रूप से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *