बेतरतीब यातायात: थाना रोड के जाम से हर दिन हजारों लोग होते हैं परेशान

खगौल। शहर में जाम की समस्या आम हो चुकी है। मोती चौक, पेठिया बाजार मोड़ सहित खगौल थाना के बाहर हर रोज भीषण जाम लगता है। जाम के चलते हर दिन हजारों लोग परेशान होते हैं। कई बार तो, रोगी को अस्पताल तक पहुंचाने में अधिक समय लग जाता है।
वाहनों की बढ़ती संख्या से यातायात का दबाव बढ़ा है। अब तो रविवार को भी अन्य दिनों की भांति ही जाम की समस्या रहती है। आम दिनों में जाम के कारण कई बार छात्र स्कूल से घर समय से नहीं पहुंच पाते हैं। खासकर छोटे बच्चों के न पहुंचने पर अभिभावक परेशान होने लगते हैं। कई बार पीएचसी अस्पताल और निजी चिकित्सक के यहां जाने वाले लोगों को भी जाम से दो-चार होना पड़ता है।

स्थानीय लोगों की मानें तो खगौल थाना से लेकर मोती चौक सहित खगौल के जयराम बाजार,आर्य समाज रोड में करीब 10 हजार लोगों को हर रोज जाम से जूझना पड़ता है। वहीं इसका दूसरा कारण अतिक्रमण भी है।

मोती चौक: यहां पर गांधी स्कूल रोड, थाना रोड, जयराम बाजार, चक्रदाहा मोड़ से आने वाला मार्ग जुड़ता है। चार मार्गों से आने वाले लोगों के चलते यहां यातायात का दबाव अधिक होने के कारण जाम लगता है। यहां जाम की यह समस्या आम है। खासकर सुबह और दोपहर के समय जब स्कूल बस यहां से गुजरते हैं। तब जाम जरूर लग जाता है।

पेठिया बाजार मोड़: इस मोड़ पर सब्जी लेकर आने वाले वाहनों के कारण यहां जाम लगता है। कमोवेश यह स्थिति रोज होती है। इसके बाद भी जिम्मेदार कुछ नहीं कर रहे हैं।
क्या कहते हैं लोग-
मोती चौक पर कई मार्गों के मिलने से वाहनों की संख्या अधिक रहती है। वहीं ई- रिक्शा के साथ ही टेम्पो के मोती चौक से अनियंत्रित ढंग से संचालित होने से अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। -नवीन सैनिक, शिक्षक
गांधी स्कूल और थाना रोड से आने वाले वाहन एक ही स्थान पर मिलते हैं। ऐसे में सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इस कारण यातायात की व्यवस्था धड़ाम हो जाती है। वाहन सवार जाम में फंसने लगते हैं। -उमा गुप्ता,व्यवसायी
शहर के मुख्य मार्ग खगौल लख से रेलवे ओवर ब्रिज भी जाम से अछूता नहीं है। इस पर जरूरत से अधिक संख्या में वाहनों के संचालन के कारण जाम लगता है।
शहर के दानापुर स्टेशन से सभी मार्गों से आने व जाने वाले वाहन गुजरते हैं। यहां से ही अनुमंडल चिकित्सालय, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के लिए वाहन और लोग गुजरते हैं। ऐसे में यहां जाम की समस्या आम हो चुकी है।

फोटो- मोती चौक पर लगे जाम में फंसे वाहन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *