PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई के सांसद चिराग पासवान गुरुवार को अपने फूफा राजेंद्र पासवान के घर चौथम प्रखंड के खरैता गांव पहुंचे।
इस दौरान चिराग पासवान की फुआ दुलारी देवी ने उनकी आरती उतारी। चिराग को तिलक लगाया।
चिराग भी अपनी फुआ से गले मिलकर काफी भावुक हो गए। इस दौरान चिराग पासवान की अपनी मां रीना पासवान भी साथ थी।
रीना पासवान भी अपनी ननद से मिलकर भावुक हो गई। काफी देर तक ननद को गले से लगाकर रखा। इस दौरान दोनों की आंखों से आंसू छलकते रहे।
खरैता पहुंचने के बाद उन्होंने गांव के लोगों का अभिवादन भी किया। बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लोगों ने ही राजनीतिक स्वार्थ के लिए खंजर घोंपने का काम किया है। इशारा साफ था। उन्होंने फुआ से कहा कि परिवार को बचाइए। राजनीतिक स्वार्थ के कारण परिवार को बर्बाद करना उचित नहीं है।
इस दौरान वे बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर बरसे। कहा कि बिहार में क्या विकास हुआ है, सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता रामविलास पासवान के अधूरे कार्य को पूरा करने का कार्य करेंगे। कहा कि खरैता तक जाने के लिए आज भी सड़क नहीं है। वे खुद सड़क बनवाने का प्रयास करेंगे।
इससे पहले समर्थकों के साथ वे माता कात्यायनी मंदिर पहुंचे। माता कात्यायनी की पूजा अर्चना की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, साधु पासवान, जिलाध्यक्ष शिवराज यादव, जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मिथिलेश यादव, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष मंटू पासवान, लोजपा नेता तुलसी पासवान, पांडव पासवान, पिंकू पासवान, मोहन सिंह आदि मौजूद थे।
यहां बता दें कि कुछ दिन पूर्व चिराग पासवान की बड़ी मां राजकुमारी देवी से मिलने समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज आए थे। राजकुमारी देवी ने उन्हें दाल-रोटी खिलाई थी। खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत शहरबन्नी में प्रिंस का खूब स्वागत हुआ था।