पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी का बिहार व यूपी के लोगों के खिलाफ ओछी टिप्पणी, भड़के मंत्री संजय झा

PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)

पंजाब के सीएम की बिहार और यूपी के लोगों पर की गई टिप्‍पणी पर सियासत गर्म हो गई है। सूचना एवं जनसंपर्क तथा जल संसाधन मंत्री संजय झा ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी ने बिहार व यूपी के लोगों के खिलाफ जो ओछी टिप्पणी की है, वह उनके मानसिक दिवालियापन का सबूत है।

यह भारत की एकता पर हमला है। संजय ने पंजाब के मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य का कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी द्वारा ताली बजा कर समर्थन किए जाने की भी निंदा की है।

लुधियाना के साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में संजय झा जदयू प्रत्याशी गुरुचरण सिंह राजपूत के लिए चुनाव प्रचार को पंजाब में हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

पंजाब के मुख्यमंत्री को यह जानना चाहिए कि बिहार और यूपी के परिश्रमी श्रमिक पंजाब की अर्थव्यवस्था के विकास में अपनी भूमिका निभाते हैं। कोरोना काल में जब ये लोग वहां से लौटने लगे तो पंजाब में हड़कंप मच गया था। पंजाब के मुख्यमंत्री के वक्तव्य से लोगों में काफी रोष है।

यह कांग्रेस पार्टी द्वारा बिहार और यूपी के लोगों के तिरस्कार के अलावा कुछ और नहीं है। यह भारत के संघीय ढांचे और विविधता में एकता की हमारी सदियों पुरानी संस्कृति पर भी सीधा प्रहार है।

संजय ने पंजाब के मुख्यमंत्री को बिहार की समृद्ध विरासत की भी याद दिलाई। वर्ष 2017 में श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाशोत्सव को बिहार ने जिस तरह से भव्य रूप से आयोजित किया उसे दुनिया भर के सिख भाई-बहनों का प्यार मिला। गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली के लोगों के लिए ओछी टिप्पणी ने सभी शर्मसार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *