PATNA (BIHAR NEWS NETWORK – DESK)
बिहार के प्रमुख राजनीतिक दल जदयू के शीर्ष नेतृत्व में संवाद की कमी हर बार दिख रही है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व मौजूदा कैबिनेट मंत्री आरसीपी सिंह और मौजूदा अध्यक्ष ललन सिंह के अलावा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बयानों से लगातार ऐसे ही संकेत मिल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ सीटों के तालमेल के मसले पर दोनों बड़े नेताओं के बयान आप सुन चुके हैं।
अब एक बार फिर ऐसे ही बयान सामने आए हैं। दरअसल, आरसीपी सिंह ने पिछले दिनों कहा था कि वे पार्टी की मजबूती के लिए जल्द ही एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं।
जदयू अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए तो प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में काम हो ही रहा है।
केंद्रीय मंत्री के बयान की बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में वे कुछ नहीं जानते हैं। इस बारे में खुद आरसीपी ही कुछ बता पाएंगे।
आपको बता दें कि आरसीपी ने एक मार्च से राज्य में अभियान शुरू करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि वे राज्य के गांव-गांव तक जाकर अपने काम गिनाएंगे। ललन सिंह ने कहा कि हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। वे जो कहेंगे, उसी बात की अहमियत है।
जदयू संसदीय बोर्ड के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भी इस मसले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान तो पूरे साल चलता है।
अगर अलग से कोई अभियान चलाया जाना है, वह भी पूरे एक साल तो इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति लेनी चाहिए।